Share

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के कोतवाली क्षेत्र में आज यात्रियों से भरी एक नाव के यमुना नदी में पलटने से 60 यात्री डूब गये। अब तक 22 शव बरामद किये गये हैं जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अन्य की तलाश की जा रही है।
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि कांठा गांव के पास यमुना नदी में किसानो और मजदूरो से भरी एक नाव पलट गयी। नाव में क्षमता से अधिक करीब 60 यात्री सवार थे जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं। नाव जैसे ही बीच नदी में पहुंची, अचानक डूब गयी। जिलाधिकारी के अनुसार पुलिस और पीएसी के बचाव दल ने अभी तक 22 शव निकाले हैं। गोताखोर लापता लोगों की तलाश में लगे हैं । प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे मे मारे गये लोगाें के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बचे लोगों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद करीब 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर की मौजूदगी में बचाव कार्य जारी है। नाव में सवार अधिकांश लोग बागपत से हरियाणा में मजदूरी करने जा रहे थे। नाव की क्षमता 15 यात्रियों की थी, लेकिन उसमें करीब 60 यात्री सवार थे। यात्रियों अलावा नाव पर खाद के बोरे और अन्य सामान भी लदा था।
सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के देर से पहुंचने से गुस्साये स्थानीय ग्रामीणों ने दिल्ली राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस गुस्साये लोगों को शांत करने की कोशिश में जुटी है।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page