Share

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने गृह राज्य गुजरात में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निकलने वाली सत्तारूढ भाजपा की गुजरात गौरव यात्रा के समापन के अवसर पर अगले माह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे जिसमें राज्य में पार्टी के सात लाख पेज प्रमुख भी भाग लेंगे। हालांकि इस कार्यक्रम के स्थान और समय की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गयी है पर भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार श्री मोदी की यह सभा अहमदाबाद में 16 अक्टूबर को होगी। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी की उपस्थिति में यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भाजपा के दो दशक के शासनकाल में गुजरात के शानदार विकास में जनता की सहभागिता के लिए उसका अभिवादन करने के लिए दो गुजरात गौरव यात्राएं निकलेंगी। पहली अागामी एक अक्टूबर को सरदार पटेल की जन्मभूमि मध्य गुजरात के करमसद से उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल की अगुवाई में तथा दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर उनकी जन्मभूमि पोरबंदर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी के नेतृत्व में निकलेगी। दोनो ही मौकों पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी उपस्थित रहेंगे। श्री रूपाणी दोनो यात्राओं में अलग अलग तिथियों पर भाग लेंगे। इस दौरान कुल 4657 किमी की दूरी तय होगी तथा राज्य की 182 में से 149 विधानसभा सीटों का दौरा होगा। इस दौरान 138 सभाएं होंगी। ये यात्राएं 15 अक्टूबर तक होंगी। पहली यात्रा में 76 विधानसभा क्षेत्रों और 1361 किमी और दूसरी में 73 क्षेत्रों में 2395 किमी की दूरी तय की जायेगी। इनके समापन के अवसर पर श्री मोदी एक ऐतिहासिक सभा करेंगे जिसमें श्री अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे। इसमें सात लाख पेज प्रमुख उपस्थित रहेंगे। इसके स्थान और तिथि की जल्द ही घोषणा की जायेगी। उन्होंने दावा किया कि दो दशक में गुजरात ने भाजपा के शासन में जबरदस्त विकास किया है और इसके दम पर यह एक बार फिर सत्ता में आयेगी। ज्ञातव्य है कि गुजरात गौरव यात्रा के लिए हुं विकास छुं, हूं गुजरात छुं (मै विकास हूं, मै गुजरात हूं) का सूत्रवाक्य बनाया गया है। इस बीच भाजपा के सूत्रों ने बताया कि श्री मोदी की सभा 16 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगी। यह लगभग तय है।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page