Share

बीकानेर (हेल्लो बीकानेर)। भाजपा आईटी विभाग की कोटा संभाग स्तरीय कार्यशाला रविवार को आयोजित हुई। कार्यशाला में आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आईटी की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

जोशी ने कहा कि आईटी विभाग के प्रत्येक कार्यकर्ता को ‘साइबर योद्धा’ के रूप में कार्य करना होगा, जिससे विपक्ष द्वारा फैलाए जाने वाले झूठे और भ्रामक तथ्यों का जवाब दिया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केन्द्र व राज्य में जनहित के जो कार्य किए हैं, उन कार्यों को आईटी के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचारित करने की जरूरत है। सोशल मीडिया को महत्त्वपूर्ण माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां कार्य करने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी का ‘ब्रांड एम्बेसडर’ है। उसके कंधों पर पार्टी की रीति-नीति के प्रचार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को भी हमसे बहुत उम्मीदें हैं। हमें इन उम्मीदों पर खरा उतरना है।

जोशी ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है। इसके लिए जिला, मंडल, शक्ति केन्द्र तथा बूथ स्तर तक नए पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से वर्तमान में संभाग स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान आईटी विभाग की भूमिका, पदाधिकारियों के कत्र्तव्य तथा कार्यप्रणाली की जानकारी दे रहे हैं। इसके बाद जिला स्तर पर ऐसे कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय हमारे लिए चुनौतीपूर्ण हे। हमें अत्यधिक मेहनत करनी होगी, जिससे राज्य में एक बार फिर ‘कमल’ खिल सके। कार्यशाला में कोटा विधायक संदीप शर्मा, अटरू विधायक रामपाल मेघवाल, किशनगंज विधायक ललित मीणा ने भी संगठन एवं आईटी विभाग से संबंधित विचार रखे।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार ने कहा कि आईटी विभाग, संगठन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। आज के दौर में सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए फेसबुक और ट्विटर जैसे साधन अत्यंत उपयोगी हैं। कार्यकर्ता इन माध्यमों का पार्टी हित में अधिक से अधिक उपयोग करें तथा अच्छे परिणाम दें। कोटा शहर भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत विजयवर्गीय, देहात जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, बारां जिलाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार, आईटी विभाग के संभाग प्रभारी मयंक सेठी के अलावा कोटा संभाग के चारों जिलों के पदाधिकारी, महिला मोार्चा, युवा मोर्चा एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page