hellobikaner.com

hellobikaner.com

Share

बीकानेर hellobikaner.com स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय परिसर में  अब कोई भी बिना मास्क प्रवेश नहीं कर पाएगा। यह पाबंदी यूनिवर्सिटी के समस्त महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों एवं कृषि अनुसंधान केन्द्रों पर भी लागू होगी। गुरुवार को कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने इस अभियान की शुरूआत की तथा इसके पोस्टर का विमोचन किया।

कुलपति ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार द्वारा ‘नो मास्क नो एंट्री’ अभियान प्रारम्भ किया गया है। जिले में भी इसे लागू कर दिया गया है। इसी श्रृंखला में विश्वविद्यालय द्वारा पहल करते हुए विश्वविद्यालय की समस्त इकाईयों में बिना मास्क प्रवेश पर सख्त पाबंदी लगाई है। यह पहला विश्वविद्यालय है, जहां ऐसी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जीवन की रक्षा के लिए मास्क का उपयोग अनिवार्य है। विश्वविद्यालय प्रशासन इसे लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कार्मिकों में इसके प्रति जागरुकता आए, इसके मद्देनजर सभी इकाईयों के आगे ‘नो मास्क, नो एंट्री’ के बोर्ड लगाए जाएंगे। विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार पर ही इस बात का ध्यान रखा जाएगा, कि कोई भी बिना मास्क प्रवेश नहीं करे।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के जिला मुख्यालय स्थित इकाईयों के अलावा विभिन्न जिलों में कार्यरत कृषि विज्ञान केन्द्रों एवं अनुसंधान केन्द्रों पर भी यह नियम लागू किया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा कोरोना से बचाव के प्रति पूर्ण सावधानी रखी जा रही है। विश्वविद्यालय की सभी इकाईयों में हैण्ड फ्री सेनेटाइजर मशीनें लगाई गई हैं तथा थर्मल स्केनिंग के बाद ही कार्मिकों को कार्यालय में प्रवेश दिया जाता है। वर्तमान में विश्वविद्यालय द्वारा समस्त बैठकें वर्चुअल माध्यम से ही ली जा रही हैं। आवश्यक होने पर बैठक में सोशल डिसटेंसिंग की पूर्ण पालना की जाती है। विश्वविद्यालय द्वारा कार्मिकों एवं उनके परिजनों के लिए कोरोना जांच शिविर भी आयोजित किया जा चुका है।

गोद लिए गांव में भी करेंगे जागरुक
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत गोद लिए गुसाईसर गांव में भी ‘नो मास्क, नो एंट्री’ अभियान के तहत ग्रामीणों को जागरुक किया जाएगा। इसके लिए गांव में विभिन्न गतिविधियां होंगी। ग्राम पंचायत के विभिन्न कार्यालयों के बाहर ‘नो मास्क नो एंट्री’ के बोर्ड लगाए जाएंगे।  इस अवसर पर प्रसार शिक्षा निदेशक डाॅ. एस. के. शर्मा, मानव संसाधन विकास निदेशक डाॅ. एस. एल. गोदारा, अनुसंधान निदेशक डाॅ. पी. एस. शेखावत तथा विशेषाधिकारी इंजी. विपिन लढ्ढा मौजूद रहे।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page