hellobikaner.com

Share

झुंझुनूं  hellobikaner.com भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने दावा किया है कि राजस्थान में भाजपा की विजय लहर चल रही हैं और उसकी अगले वर्ष अब तक की सबसे बड़ी जीत होगी।

 


भाजपा की बैठक में भाग लेने झुंझुनूं आये सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजस्थान में भाजपा की विजय लहर चल रही है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में शेखावाटी से लेकर पूरे राजस्थान में 2023 में अब तक की सबसे बड़ी जीत भाजपा की होगी और यह जीत हमेशा के लिए एक नया इतिहास बन जाएगी।

 


उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की जीत में सबसे बड़े कारक मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां, पूरे प्रदेश में बूथ और पन्ना तक 90 प्रतिशत से अधिक भाजपा का मजबूती से कार्य पूर्ण हो चुका है और संगठन के सशक्तिकरण के लिए नवाचारों के साथ विभिन्न कार्यक्रम चल रहे हैं और कांग्रेस सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में एंटीइन्कंबेन्सी का माहौल है।

 


उन्होंने कहा कि राजस्थान का युवा, किसान, बहन-बेटियां सभी वर्ग कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार की जनविरोधी नीतियों व तानाशाही व्यवस्था से प्रताड़ित एवं असुरक्षित हैं। जनहित के मुददों को लेकर भाजपा जमीन से लेकर विधानसभा तक, सभी जिलों और सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के कुशासन का अंत करने के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम 2023 में भाजपा की तीन चौथाई बहुमत की सरकार बनने के रूप में आएंगे, भाजपा की सरकार राजस्थान को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करेगी।

 


इस मौके भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि झुंझुनूं सहित समूचे शेखावाटी क्षेत्र में भाजपा के लिए अपार संभावनाएं हैं, प्रदेश कार्यसमिति के झुंझुनूं में आयोजन से भाजपा के मिशन 2023 और 2024 को बड़ी मजबूती मिलेगी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 2023 में प्रचण्ड बहुमत की राजस्थान में भाजपा सरकार बनेगी और 2024 में लोकसभा की सभी 25 सीटें भाजपा जीतेगी।


उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति बैठक में लगभग 500 लोग शामिल होंगे, जो मिशन 2023 और 2024 को लेकर मजबूत रणनीति के साथ चर्चा करेंगे और जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में होने वाली जन आक्रोश रैलियों को लेकर मंथन किया जाएगा।

 


उन्होंने कह कि कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ भाजपा सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ाई लड़ रही है और आगामी दिनों में किसानों के साथ कर्जमाफी के नाम पर वादाखिलाफी, युवाओं के साथ वादाखिलाफी, रीट पेपर लीक, ध्वस्त कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार का तांडव, महिला सुरक्षा इत्यादि को लेकर आंदोलनों और रैलियों के जरिए जनता के बीच जाएंगे।

 


उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन भाजपा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा और इस पवित्र धरती से मिशन 2023 और 2024 के विजय संकल्प को पूरा करने के लिए मंथन, चिंतन और रणनीति के साथ संकल्प लेंगे, जिसे हम संगठन के सशक्तिकरण, पन्ना, बूथ की अभेद्य रणनीति और जमीनी मजबूती के साथ पूरा करेंगे, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों से राजस्थान में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page