पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा- कांग्रेस का आचरण….

0







जयपुर, hellobikane.in भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि कांग्रेस के मन से आपातकाल की भावना अभी भी नहीं निकली है और आज भी इसका आचरण आपातकाल जैसा ही है।

 

राजे राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के विधायक अभ्यास वर्ग में आज “आपातकाल एवं लोकतंत्र बहाली में हमारी भूमिका” विषय पर बोल रही थी। उन्होंने कहा कि आपातकाल के कठिन दौर से लड़कर देश में पुनः लोकतंत्र की स्थापना करने वाले जनसंघ के नेताओं को नमन किया।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आपातकाल के दौरान जो सेवाभाव की थी उसे प्रणाम करते हुए कहा कि उस मय मोदी हमारे नेताओं तक अहम जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए भेष बदलकर जेल जाया करते थे। वहीं जिन नेताओं के पीछे पुलिस लगी हुई थी, मोदी जी उन्हें स्कूटर से एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाते थे।

 

 

राजे ने कहा कि मेरे पहले कार्यकाल में भाजपा सरकार ने मीसा और डीआईआर के तहत जेल गए सभी लोगों की पेंशन चालू की थी। पर जब 2008 में कांग्रेस सरकार आई तो उन्होंने इसे बंद कर दिया। जिसके बाद 2013 में हमारी सरकार ने न केवल पेंशन चालू की बल्कि उन्हें लोकतंत्र सेनानी का दर्जा भी दिया।

 

उन्होंने कहा “भले ही वर्तमान गहलोत सरकार ने फिर से मीसा बंदियों की पेंशन बंद कर दी हो। लेकिन मैं विश्वास दिलाती हूं वर्ष 2023 में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और कांग्रेस ने लोकतंत्र सेनानियों का जो सम्मान छीना है, उन्हें ब्याज सहित वापस लौटाएगी, उनकी पेंशन चालू की जाएगी।”

 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहली प्राथमिकता भारत की समृद्धि एवं लोकतंत्र की रक्षा है। मुझे विश्वास है कि आगामी चुनावों में भाजपा का हर नेता इसी भावना के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ‘अब अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।