Share

दिनांकः 11 फरवरी 2017
संदर्भ- 10 फरवरी 2017
संकलन-हरि शंकर आचार्य
मोबाइल-9460779970/9549752372
Email- [email protected]

1- अमेरिका के फेडरल अपील्स कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सात देशों के नागरिकों के अमेरिका में आने पर प्रतिबंध के सिएटल कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। अपील्स कोर्ट ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने 27 जनवरी को आदेश जारी कर इराक, ईरान, सीरिया, यमन, लीबिया और सोमालिया के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगाई थी। 3 फरवरी को सैन फ्रांसिस्को की अपील पर सिएटल कोर्ट में इस पर रोक लगा दी गई थी।
2- नोबेल पुरस्कार विजेता तथा मेग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (एमआरआइ) के अविष्कारक पीटर मैन्सफील्ड (83) का निधन हो गया। वे 1978 में एमआरआइ स्कैनर में बैठने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति थे। 9 अक्टूबर 1933 को लंदन में जन्मे मैन्सफील्ड को वर्ष 2003 में पाॅल क्रिस्चियन लौटरबर के साथ नोबल पुरस्कार मिला था। भौतिक विज्ञानी मैन्सफील्ड को 1993 में ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ ने सर की उपाधि प्रदान की।
3- केन्द्रीय मंत्रिमंडल की सरक्षा मामलों की समिति (सीसीएस) ने रक्षा मंत्री की वित्तीय शक्तियों में चार गुना इजाफा किया। इसके अनुसार रक्षा मंत्री अब 2 हजार करोड़ रूप्ये तक के हथियार सौदों को विवेक से मंजूरी दे सकेंगे। अब तक 500 करोड़ या इससे अधिक के मामलों में सीसीएस की सहमति लेनी पड़ती थी। उल्लेखनीय है कि इस बार केन्द्रीय बजट में सैन्य बलों के लिए 86 हजार करोड़ रूपये से अधिक का प्रावधान किया गया हैं
4- वित्त मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय त्यागी को भारतीय प्रतिभूति एवं विनियम बोर्ड (सेबी) का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वे उपेन्द्र कुमार सिन्हा का स्थान लेंगे। सिन्हा को 18 फरवरी 2011 को तीन साल के लिए सेबी प्रमुख बनाया गया था। बाद में उन्हें सेवा विस्तार मिला। सिन्हा का कार्यकाल 1 मार्च को समाप्त होगा। त्यागी 1984 बैच के हिमाचल प्रदेश काॅडर के आइएएस हैं। वे वर्ष 2014 से आर्थिक मामलों के मंत्रालय में हैं। उल्लेखनीय है कि सेबी भारत में प्रतिभूति एवं वित्त का नियामक बोर्ड है। इसकी स्थापना 12 अप्रैल 1992 को हुई। इसका मुख्यालय मुंबई में है।
5- भारतीय जीवन बीमा निगम के दिल्ली के क्षेत्रीय प्रबंधक हेमंत भार्गव को नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वे 31 जुलाई 2019 तक इस पद पर रहेंगे। सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी एलआइसी के शीर्ष नेतृत्व में एक अध्यक्ष और तीन प्रबंध निदेशक होते हैं। एलआइसी की स्थापना 1 सितम्बर 1956 को हुई थी।
6- केन्द्र सरकार ने दस प्रबंधन संस्थानों में निदेशकों की नियुक्ति की। ये संस्थान हैं-बेंगलूरू, रांची, रोहतक, रायपुर, संबलपुर, नागपुर, बोधगया, सिरमौर, विशाखापत्तनम और तिरूचिरापल्ली। इनकी नियुक्ति 65 वर्ष की आयु या 5 वर्ष के कार्यकाल के लिए की गई है। आइआइएम अहमदाबाद में पब्लिक सिस्टम्स ग्रुप के अध्यक्ष जी. रघुराम को आइआइएम बैंगलूरू का निदेशक बनाया गया है।
7- भारत की मेजबानी में इस वर्ष 6 से 28 अक्टूबर तक होने वाले फीफा अंडर-17 विश्वकप के अधिकारिक शुभंकर ‘खेलियो’ जारी हुआ। यह चित्तीदार तेंदूआ है, जो हिमालय की तलहटी एवं दक्षिण पूर्व एशिया में पाए जाने वाल लुप्तप्राय प्रजाति का है। खेलमंत्री विजय गोयल एवं अखिल भारतीय फुटबाल संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने यह शुभंकर जारी किया।
8- भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली लगातार चार टेस्ट श्रृंख्लाओं में चार दोहरे शतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन 204 रन बनाए। इससे पहले वे इंग्लैण्ड के खिलाफ 235, न्यूजीलैंड के खिलाफ 211 तथा वेस्टइंडीज के खिलाफ 200 रन बना चुके हैं। उन्होंने ब्रेडमेन और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। बतौर कप्तान सर्वाधिक दोहरा शतक बनाने के मामले में से ब्रायन लारा उनसे आगे हैं। 140 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार यह कारनामा करने वाले विराट के अलावा भारत की ओर से सचिन तेंदूलकर और वीरेन्द्र सहवाग ने छह-छह तथा राहुल द्रविड़ ने पांच दोहरे शतक बनाए हैं।
9- अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) ने अंर्जेटीना के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी तथा कप्तान डिएगो मेराडोना को ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है। मेराडोना 1986 की विश्व विजेता टीम में शामिल थे। उन्होंने फेसबुक पर इसकी जानकारी दी।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page