अचानक हुई नोटों की बारिश, पैसे बरसने पर लूटने लगे लोग, देखें वीडियो

0
hellobikaner.com










हैलो बीकानेर न्यूज़ नेटवर्क, बेंगलुरु, hellobikaner.com आप रास्ते से जा रहे हैं और अचानक ऊपर से नोट बरसने लगे तो आप क्या करेंगे? हैरान होंगे या फिर नोट गिनने में लग जाएंगे। ऐसा ही कुछ हुआ कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जहां शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक ऊपर से नोट गिरने लगे, जिससे चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई लोग नोट बिनने में जुट गए जबकि कुछ लोग ये पूरा माजरा देखते रहे।

 

 

 


दरअसल नोटों की यह बारिश आसमान से नहीं बल्कि एक युवक ने फ्लाईओवर पर चढ़कर कर दी। बेंगलुरु के व्यस्त के आर मार्केट में एक युवक मंगलवार को सुबह एक फ्लाईओवर से 10 रुपये के नोट फेंकने लगा, जिससे वहां अफरातफरी मच गई और इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


वीडियो में नोट फेंकने वाला युवक काला कोट पहने नजर आ रहा है और उसके गले में एक दीवार घड़ी टंगी हुई है। इसमें देखा जा सकता है कि फ्लाईओवर पर मौजूद लोग अपने आसपास बिखरे और उड़ते नोटों को देखते हुए उन्हें बंटोरने के लिए दौड़ पड़ते हैं। इससे फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस को जाम हटाने में कड़ी मशक्कत भी करनी पड़ी।

 


बताया जाता है कि अरुण नाम का शख्स केआर मार्केट फ्लाईओवर पर आया और रुपये उड़ाने शुरू किये। उसने करीब तीन से चार हजार के नोट हवा में फेंके और भाग गया। फिलहाल उसे सिटी मार्केट थाने की पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

 


सफेद कमीज, काला कोट और जूते पहने अरुण हाथ में छोटा सा बैग लिए फ्लाईओवर पर आ गया। तभी वह फ्लाईओवर पर खड़ा हो गया और अचानक बैग में रखे नोटों को हवा में फेंकने लगा। जैसे ही नोट फ्लाईओवर से नीचे उतरे, लोग उन्हें लेने के लिए दौड़ पड़े। इसके चलते कुछ देर के लिए जाम लग गया।

 


मार्केट फ्लाईओवर से रुपए फेंकने वाले आरोपी अरुण को सिटी मार्केट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिमी मंडल के डीसीपी लक्ष्मण निंबार्गी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर गड़बड़ी करने पर अरुण के खिलाफ आईपीसी की धारा 290 के तहत मामला दर्ज किया गया है।