Share

बीकानेर(हेल्लो बीकानेर न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी के आईटी विभाग ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मुस्तैद करना शुरू कर दिया है। प्रदेश स्तर के बाद अब आईटी विभाग संभाग स्तरीय कार्यशालाएं प्रारम्भ कर चुका है। रविवार को अजमेर में ऐसी ही एक कार्यशाला में अब इसे जिला स्तर पर आयोजित करने का निर्णय हुआ। इस कार्यशाला को मुख्य वक्ता के रूप में आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने संबोधित किया। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के ‘ब्रांड एम्बेसडर’ के रूप में कार्य करते हुए घर-घर तक भाजपा की रीति-नीति को पहुंचाने का आह्वान किया।

 

शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती अनिता भदेल, अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शिवशंकर हेड़ा, किशनगढ़ विधायक श्री भागीरथ चैधरी तथा अजमेर के देहात भाजपा जिलाध्यक्ष श्री बी. पी. सारस्वत की मौजूदगी में आयोजित संभाग स्तरीय आईटी एवं सोशल मीडिया कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश संयोजक जोशी ने सोशल मीडिया को विचारों के त्वरित आदान-प्रदान का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह जनमानस पर सीधा असर डालता है। पार्टी कार्यकर्ता इसका महत्त्व समझें तथा अगले छह महीने पूर्ण समर्पण के साथ जुट जाएं।

जोशी ने कहा कि हमें विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व होना चाहिए। पार्टी द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का दायित्व हम सबका है, जिससे पार्टी को और अधिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता, नए कार्यकर्ताओं की टोली बनाएं और इस श्रृंखला को और मजबूत करंे। आगामी विधानसभा चुनावों में आईटी और सोशल मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के ‘साइबर योद्धा’ अपनी भूमिका पर खरे उतरेंगे और पार्टी को पुनः विजय दिलाएंगे।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने आॅडियो कांफ्रेंसिंग से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आईटी और सोशल मीडिया का उपयोग विकास के लिए करने का आह्वान किया तथा कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाई गई झूठी और भ्रामक सूचनाओं का मुंहतोड़ जवाब दें और केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रचारित करें। इससे पहले अजमेर आईटी विभाग के संभाग संयोजक डाॅ. अरविंद शर्मा ने कार्याशाला के उद्देश्यों, इस दौरान चर्चा किए जाने वाले विषयों सहित विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान संभाग के सभी जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page