Share

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के मामले में दोषी ठहराये जाने के बाद से फरार चल रही उसकी दत्तक पुत्री हनीप्रीत इन्सा को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, उसे कल अदालत के समक्ष पेश किया जायेगा। पंचकुला पुलिस आयुक्त ए एस चावला ने बताया कि हनीप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कल अदालत के समक्ष पेश किया जायेगा। श्री चावला ने कहा कि हनीप्रीत को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए उसे पुलिस हिरासत में दिये जाने का अनुरोध किया जायेगा। उन्होंने बताया कि हनीप्रीत को विशेष जांच दल(एसआईटी) ने गिरफ्तार किया है। हनीप्रीत 25 अगस्त को राम रहीम को दो साध्वियों के साथ बलात्कार करने के मामले में दोषी ठहराये जाने के उपरांत विभिन्न राज्यों में भड़की हिंसा के बाद से फरार चल रही थी। उसे आज 39 दिन बाद पुलिस गिरफ्तार कर पायी है। इस हिंसा में 38 लोग मारे गये थे और 250 से अधिक घायल हुए थे। राम रहीम के समर्थकों ने आगजनी कर संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया था। उसने दिल्ली उच्च न्यायालय में भी अग्रिम जमानत की याचिका दी थी जिसे खारिज कर दिया गया था। फरार होने के बाद से हनीप्रीत के नेपाल भाग जाने की भी खबरें आयी थी। राम रहीम को दोषी ठहराने के बाद भड़के दंगों पर हरियाणा पुलिस ने 43 वांछित लोगों की एक सूची भी जारी की थी। उसमें हनीप्रीत का नाम सबसे ऊपर था। हनीप्रीत के आज ही कुछ चैनलों में साक्षात्कार दिखाये थे, इसके बाद से आत्मसमर्पण करने की चर्चाएं शुरू हो गयी थी। हनीप्रीत को पंजाब पुलिस ने पंचकूला में हरियाणा पुलिस को सौंपा है।

 

About The Author

Share

You cannot copy content of this page