Share

दहेज में आई20 कार नहीं दोगे तो शादी नहीं होगी
– दुल्हे ने दुल्हन के पिता को दी धमकी
– आज तय थी शादी
– दुल्हन ने धोखाधड़ी व दहेज प्रताडऩा का करवाया मुकदमा
हैलो बीकानेर, श्रीगंगानगर। शादी में एक सप्ताह पहले आई20 कार टॉप मॉडल की मांग करने पर लड़की के पिता ने दहेज के लालची दुल्हे के साथ अपनी लड़की का विवाह करने से ही इनकार कर दिया। यही नहीं धोखाधड़ी व दहेज मांगने का मुकदमा महिला पुलिस थाना में दर्ज करवाया गया है। महिला थाना प्रभारी अरविन्द बेरड़ इस मामले की जांच कर रहे हैं।
मामले के अनुसार 57 के ब्लॉक निवासी दौलतसिंह मेहरा की पुत्री का रिश्ता लगभग दो साल पूर्व बठिंडा की कालासिंह सिद्धू कॉलोनी निवासी बलविन्द्र सिंह के पुत्र जगदीप सिंह के साथ किया गया था। बलविन्द्र सिंह ने खुद को आयुर्वेदिक वैद्य व खुद के लड़के को एमटेक में अध्ययनरत बताया। रिश्ता करने के लिए जब बातचीत हुई, तब बलविन्द्रसिंह ने बताया कि बठिंडा में उसके दो पैट्रोल पम्प है तथा दो कोठियां हैं तथा उसका लड़का एमटेक के साथ एक प्राइवेट कम्पनी में जॉब कर रहा है, जहां वह 60 हजार रुपए वेतन ले रहा है। साधुवाली छावनी एमईएस में कार्यरत दौलत सिंह ने अच्छा रिश्ता होने के कारण वर्ष 2015 में ही रिश्ता पक्का कर दिया और अंगेजमेंट में हीरे की अंगूठी सहित कई महंगी वस्तुएं गिफ्ट दी। लगभग दो साल में 8 लाख रुपए का सामान दुल्हे के परिवार को गिफ्ट के रूप में दिया जा चुका। पुलिस को दिये प्रार्थना पत्र के अनुसार दोनों पक्षों की सहमति से आज 13 अक्टूबर 2017 को शादी की तारीख तय कर दी। दोनों पक्षों की ओर से निमंत्रण पत्र छपवाकर वितरित किये जा रहे थे। इसी दौरान एक सप्ताह पूर्व लड़के जगदीप सिंह का फोन अपने ससुर के पास और पूछा कि शादी में गाड़ी कौन सी दे रहे हो, तो दौलतसिंह ने कहा कि वह शादी में ऑल्टो कार देना चाहता है। इस पर दुल्हे जगदीप सिंह ने कहा कि वह ऑल्टो कार नहीें लेगा, उसे तो आई20 टॉप मॉडल गाड़ी चाहिए। नहीं तो वह शादी नहीं करेगा। इसके साथ ही बठिंडा में आकर शादी करने की शर्त रख दी, जिसमें तीन लाख रुपए पैलेस का खर्चा तथा 600 बारातियों का खाना मीट व शराब के साथ तैयार करवाने की शर्त रखी। यह सुनकर लड़की के परिवार के लोग सन्न रह गए। अचानक इतनी व्यवस्था कैसे हो सकती है। दौलतसिंह ने रिश्ता करवाने वाले बिचौलिये को फोन किया कि आप गंगानगर आ जाओ बैठकर बात करेंगे। मौहल्ले के कई मौजिज लोगों तथा अमर शहीद बाबा मोतीराम मेहरा कश्यप समाज समिति के सदस्यों ने दोनों पक्षों की बात सुनी। तब यह खुलासा हुआ कि लड़का जगदीप सिंह एमटेक तो छोड़ वह बीटेक भी नहीं था और कोई नौकरी भी नहीं करता। पैट्रोल पम्प व कोठियों की बात झूठी निकली। असल में लड़का बेरोजगार है और उसके पिता लोगों के भूत-प्रेत निकालकर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम करता है। पंचायत ने जब आई20 कार के बारे में पूछा तो लड़के की मां व लड़के व पिता ने स्वीकार किया कि उन्होंने ऑल्टो के स्थान पर आई20 कार की मांग की थी क्योंकि ऑल्टो कार उनके पास पहले से ही है। दहेज की मांग के कारण लड़की के पिता दौलतसिंह ने रिश्ता करने से इनकार कर दिया। इस पर पंचायत ने दोनों को एकदूसरे का सामान वापस करने की बात कही। दोनों पक्षों की ओर से 100 रुपए के स्टाम्प पर रिश्ता खत्म करने पर सहमति जताई और वर पक्ष ने पांच लाख 2 हजार रुपए जो सामान की कीमत बनती थी 7 अक्टूबर 2010 को 12 बजे तक वापस लौटाने की बात कही। यह भी तय किया गया था कि यदि बलविन्द्र सिंह लड़की वालों का सामान वापस नहीं देगा तो वे मुकदमा करवाने के लिए स्वतंत्र होंगे। पंचायत करने वाले लोगों ने शनिवार को बलविन्द्रसिंह को फोन किया तो उसने कहा कि वह सामान देने के लिए वापस नहीं आएगा, जो भी कार्यवाही कर सकते हो करो। दो दिन पूर्व लड़की अेार से महिला पुलिस थाना में धोखाधड़ी व दहेज प्रताडऩा का मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। कल अमर शहीद बाबा मोतीराम मेहरा कश्यप समाज समिति के प्रधान मोहन सिंह, कोषाध्यक्ष प्यारा सिंह, दौलत सिंह व जनमार्ग के प्रधान सम्पादक हरीसिंह मेहरा पुलिस अधीक्षक से मिले और दहेज लोभियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। आज भी मौहल्ले के मौजिज लोग महिला पुलिस थाना प्रभारी अरविन्द बेरड़ से मिले। उन्होंने दो दिन में कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page