Share

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार आधी रात को महिला आयोग की टीम ने छापा मारकर मुनिरका इलाके से 16 लड़कियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया। इन लड़कियों को नौकरी दिलाने के नाम पर नेपाल से तस्करी के जरिए भारत लाया गया था। इसके बाद इन्हें इराक और कुवैत में भेजा जाना था। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल को इन लड़कियों की तस्करी के बारे में सूचना मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की मदद से इन लड़कियों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।

रात को 1:30 बजे स्वाती मालीवाल को मिली सूचना

जानकारी के मुताबिक दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल को मंगलवार रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि राजधानी के मुनिरका इलाके में कुछ लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलने के बाद स्वाती मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी और अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। महिला आयोग की टीम को देखते ही तस्कर भाग निकले। इसके बाद वहां एक कमरे में बंधक बनाकर रखी गईं 16 लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने इन लड़कियों को शेल्टर होम भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

कुवैत और इराक भेजने की थी तैयारी

स्वाती मालीवाल ने लड़कियों को छुड़ाए जाने के बाद ट्विटर के जरिए जानकारी देते हुए बताया, ‘कल रात हमें सूचना मिली कि नेपाल से 16 लड़कियों को गुमराह कर मानव तस्कर दिल्ली लाए हैं और उन्हें चुपके से कुवैत व इराक भेज रहे थे। उनके पासपोर्ट दलालों ने छीन लिए। मैं मौके वारदात पर पहुंची, जहां पर एक छोटे से कमरे में इन लड़कियों को रखा गया था। छोटे से कमरे में बंद 16 लड़की आज रात हमने छुड़वाईं। 8 महीने से ये चल रहा है, 7 लड़कियां कुवैत और इराक 15 दिन पहले भेजी गई हैं। उनके साथ जाने क्या हुआ होगा!’ साभार : वन इंडिया न्यूज़

About The Author

Share

You cannot copy content of this page