गोदभराई से लौट रहे रिश्तेदारों पर टोल टैक्स नाके के पास लाठी-डंडों से हमला, दो घायल
श्रीगंगानगर । हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां गोद भराई की रस्म में भाग लेने आए प्रेमपुरा निवासी लोगों पर वापस लौटते समय नोहर-रावतसर रोड पर स्थित टोल टैक्स नाके के पास कुछ युवकों ने रोककर गाली-गलौज और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दो व्यक्ति घायल हुए, उनकी मोटरसाइकिल तोड़ दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के अनुसार पीड़ित राणाराम बावरी (59) निवासी ढाणी 139-आरडी, वार्ड नंबर 9, प्रेमपुरा, तहसील पीलीबंगा परिवार और रिश्तेदारों के साथ 15 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे चक 14 बिराना तहसील नोहर में गोदभराई के कार्यक्रम में आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था।
शाम करीब 4 बजे जब वे नोहर से रावतसर जाने वाली सड़क पर टोल टैक्स नाके के पास पहुंचे तो अंकित और उसके का छोटे भाई निवासी मठिली, तहसील भादरा, संदीप पुत्र रोशनलाल, अजय पुत्र हंसराज तथा गोविन्द पुत्र हंसराज निवासी प्रेमपुरा, पीलीबंगा सहित 2-3 अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने हाथ हिलाकर उन्हें रोका। अभियुक्तों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राणाराम और उनके साथी धर्माराम (40) ने कारण पूछा तो अभियुक्त तैश में आ गए और लाठी-डंडों से दोनों पर हमला बोल दिया।हमले में राणाराम के उल्टे हाथ, कमर और पैरों पर चोटें आईं। धर्माराम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसे जमीन पर गिराकर मारा गया। राणाराम और धर्माराम के शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे लोगों की तरफ आने पर अभियुक्तों ने धर्माराम की मोटरसाइकिल लाठी से तोड़ दी और धमकी देते हुए कहा कि-आज तो तुम दोनों बच गए।
आइंदा मौका मिलने पर जान से मार देंगे। इसके बाद वे फरार हो गए।कुछ देर बाद नोहर की ओर जा रही एक एम्बुलेंस के चालक ने दोनों घायलों को उठाकर नोहर सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। पुलिस द्वारा किए गए नजरी निरीक्षण में राणाराम के सीने के दाहिनी तरफ और कमर पर नील के निशान, बाएं हाथ की कलाई पर खरोंच तथा बाएं पैर की पिंडली में दर्द पाया गया। धर्माराम को दाहिने हाथ और कमर में चोट का दर्द था। राणाराम और धर्माराम की इस आशय की लिखित रिपोर्ट पर मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 324(4) और 189(2) के तहत दर्ज किया गया है। जांच कार्यवाहक उपनिरीक्षक पृथ्वीसिंह नरूका के नेतृत्व में शुरू कर दी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ