ओझा के बंद मकान में चोरों का धावा, शादी में गया था परिवार; जेवरात-नकदी पार!
बीकानेर। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का पता उस समय चला, जब परिवार शादी समारोह से वापस घर लौटा।
घर के अंदर सामान बिखरा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात नुकरा महाराज की दुकान के पास स्थित अगली गली में बने रामदेव ओझा के मकान में हुई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य शहर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। इस दौरान मकान पिछले दो दिनों से बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया और सामान खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी चोरी कर ली।
परिवार के सदस्य जब वापस लौटे तो घर के कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की आवाजाही और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। मितेश ओझा ने घटना की जानकारी दी।
शहर में बंद मकानों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ