Breaking News: बीकानेर मेयर चुनाव से पहले बड़ी खबर, इन पर हुई कार्रवाई, पढ़े न्यूज
Breaking News
हैलो बीकानेर न्यूज़। बीकानेर निगम चुनाव को लेकर कल महापौर का चुनाव होने जा रहा है। पार्षद चुनाव का परिणाम 14 सितंबर को आ चुना था उसके बाद दोनों ही पार्टियों में महापौर चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई। सूत्रों से मिली ख़बर के अनुसार बीकानेर नगर निगम में मेयर चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ दर्ज मामलों में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है।
जानकारी मिल रही है की पूर्व सभापति और यूआईटी चेयरमैन रह चुके मकसूद अहमद के घर भी पुलिस पहुंची। मकसूद को दो दिन में थाने में पेश होने का नोटिस देने पहुंची पुलिस को वे घर पर नहीं मिले तो नोटिस चस्पा कर दिया गया। वहीं, दो निर्दलीय पार्षदों के घर भी पुलिस पूछताछ के लिए पहुंच चुकी है। इससे पहले कांग्रेस पार्षद मनोज बिश्नोई को भी नोटिस दिया गया था। इस तरह अब तक चार पार्षदों पर पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
नगर निगम में कांग्रेस की ओर से अनिल कल्ला और भाजपा की ओर से सुरेंद्र सिंह शेखावत मेयर पद के प्रत्याशी हैं। दोनों के बीच मुकाबला कड़ा होता जा रहा है। भाजपा की ओर से चुनाव की बागडोर संभालने के लिए पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ बीकानेर आ गए हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला आगे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा भी पूरे मामले में सक्रिय हैं और अनिल कल्ला को फ्री हैंड दिया गया है
कोटगेट पुलिस शनिवार को पूर्व सभापति मकसूद अहमद के घर पहुंची और नोटिस दिया। मकसूद के खिलाफ हाल ही में एक सरकारी अस्पताल में मरीजों को इलाज नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान एक महिला डॉक्टर ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में पूछताछ के लिए मकसूद को तलब किया गया है। मकसूद बीकानेर में नहीं हैं। ऐसे में पुलिस ने उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया। यह नोटिस अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को दो कांग्रेस समर्थक पार्षदों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें एक पार्षद की पारिवारिक फैक्ट्री पर छापेमारी किए जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, दूसरे पार्षद के घर पुलिस पूछताछ के लिए पहुंची।
कल्ला ने लगाया दबाव बनाने का आरोप
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने आरोप लगाया कि सिर्फ बीकानेर में ही नहीं, बल्कि जैसलमेर में जिस होटल में कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है, वहां भी सीआईडी भेजकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षदों पर कितना भी दबाव बनाया जाए, वे कांग्रेस के पक्ष में ही मतदान करेंगे। डॉ. कल्ला ने इसे दबाव की राजनीति बताते हुए लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया।
भाजपा ने फोटो किए सार्वजनिक
भाजपा नेताओं ने निर्दलीय पार्षदों के समर्थन वाले फोटो सार्वजनिक किए हैं। इनके आधार पर भाजपा की ओर से नौ पार्षदों का समर्थन होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता नितिन वत्सस ने फोटो में एक व्यक्ति के पार्षद होने पर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ के सहारे काम कर रही है।
ब्लॉगर से पार्षद बने गहलोत भाजपा के साथ
ब्लॉगर और पार्षद शुभकरण गहलोत का एक ऑडियो भी सामने आया है। इसमें वे कथित तौर पर कहते हैं कि उन्होंने पहले कांग्रेस के साथ रहने की कोशिश की थी, लेकिन वार्ड में लाइब्रेरी बनाने का वादा पूरा करने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा के साथ जाने का फैसला किया। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ