बीकानेर में नगर निगम के सफाई टिप्पर-ट्रैक्टरों का आतंक! 48 घंटे में तीन हादसे, देखें वीडियो
बीकानेर। शहर में सफाई व्यवस्था के लिए अधिकृत फर्म के ट्रैक्टर और कचरा संग्रहण वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। पिछले 48 घंटों में इन वाहनों से तीन दुर्घटनाएं सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों से लेकर आमजन तक में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को नत्थूसर गेट क्षेत्र में एक रिटायर्ड बैंककर्मी को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इसके बाद शिवबाड़ी क्षेत्र में भी ट्रैक्टर की टक्कर से हादसा हुआ। वहीं रविवार को पवनपुरी स्थित आर्य हॉस्पिटल के पास एक टिप्पर ने कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार में सवार एक बच्ची के सिर पर चोटें आईं।हादसे की सूचना मिलने पर भाजपा नेता एवं पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया और पार्षद मनोज विश्नोई मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने निगम की अधिकृत फर्म के वाहनों और चालकों से संबंधित दस्तावेजों की मांग उठाई।
भाजपा नेता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया ने कहा कि आमजन की जान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में आए दिन निगम के वाहनों से हादसे हो रहे हैं, इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ डॉ. मेड़तिया की तीखी नोकझोंक भी हुई। पार्षद मनोज विश्नोई ने चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन वाहनों पर कोई जिम्मेदारी लेने वाला नजर नहीं आ रहा है। इसी वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं।
घटनाओं के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भी जिम्मेदार फर्म और वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अब सवाल यह है कि लगातार हो रहे इन हादसों के बाद नगर निगम और संबंधित फर्म कब जवाबदेही तय करेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ