मौत के नाले में साढ़े नौ घंटे की जंग, सुबह छात्रों ने बचाई युवक की जान, पढ़ें न्यूज़
बीकानेर। नगर निगम की लापरवाही और खुले नालों की बदइंतजामी एक बार फिर किसी बड़ी अनहोनी को दावत देती नजर आई। हरासर हवेली के सामने फुटपाथ निर्माण के लिए मुख्य नाले का एक हिस्सा खुला छोड़ दिया जाना एक युवक के लिए करीब साढ़े नौ घंटे की जानलेवा परीक्षा बन गया। भुट्टों का बास निवासी सुरेन्द्र वाल्मीकि 24 फीट गहरे नाले में गिरकर रात करीब 11 बजे से अगली सुबह 8:30 बजे तक घोर अंधेरे, कचरे और जहरीली गैसों के खतरे के बीच फंसे रहे।
घटना बीती रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच की है। सुरेन्द्र वाल्मीकि टॉयलेट के लिए पैदल निकले थे और एमएन हॉस्पिटल के सामने स्थित छपरे में सोने जा रहे थे। रात के अंधेरे में खुले हिस्से का अंदाजा न लग पाने से वे सीधे 24 फीट गहरे नाले में जा गिरे। नाले के भीतर करीब आठ फीट गहरा पानी बह रहा था, लेकिन जिस स्थान पर सुरेन्द्र गिरे, वहां कचरे और मिट्टी की एक मोटी परत जमी थी। इसी परत ने उन्हें तेज बहाव में डूबने से बचाए रखा। अंधेरे के बावजूद सुरेन्द्र ने हिम्मत जुटाकर नाले के भीतर करीब 50 मीटर तक आगे बढ़े और जहां तक मिट्टी-कचरे की परत थी, वहां जाकर बैठ गए। पूरी रात वे मदद के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन अंधेरे और सुनसान के कारण किसी को उनकी आवाज सुनाई नहीं दी।
सुबह करीब 8 बजे वहां से गुजर रहे दो कॉलेज छात्रों ने आवाज सुनी। सुरेन्द्र ने ऊपर की ओर देखकर हाथ उछाले तो छात्रों की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। इलाका वार्ड 13 में आता है, लेकिन सूचना मिलते ही वार्ड 52 के पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगर निगम की जेसीबी मंगवाकर सुरेन्द्र को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हैरानी की बात रही कि साढ़े नौ घंटे नाले में फंसे रहने के बावजूद उन्हें न तो गंभीर चोट आई और न ही उनका हौसला टूटा।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर निर्माण कार्य के दौरान खुले नालों को बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड के क्यों छोड़ा जाता है। अगर समय पर छात्रों की नजर नहीं पड़ती तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि निगम को ऐसे खुले नालों को तुरंत ढकना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई और सुरेन्द्र इस तरह मौत और जिंदगी के बीच न लड़े।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ