बड़ी खबर: मुख्यमंत्री के आगमन पर इन नेताओं की धरपकड़ के खिलाफ आक्रोश, पढ़ें न्यूज़
बड़ी खबर
हैलो बीकानेर न्यूज़, श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आज जिले में आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में वामपंथी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की व्यापक धरपकड़ किए जाने के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
माकपा के जिला सचिव वकीलसिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पंचायती धर्मशाला से रोष जुलूस लेकर निकला। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जुलूस जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा।
मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी के कारण जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकांश अधिकारी तथा कर्मचारी बाहर होने से कलेक्ट्रेट परिसर लगभग खाली था। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर जिला कलेक्टर के कार्यालय के ठीक सामने सभा आयोजित की।
सभा को जिला सचिव वकीलसिंह, अखिल भारतीय ग्रामीण एवं खेत मजदूर यूनियन की प्रदेशाध्यक्ष दुर्गा स्वामी, साधूसिंह, भोलूसिंह, विकास निम्मीवाल, नरेश शर्मा, कविता निहालिया और तुलसीदेवी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर जिले की नहरों में पानी की भारी कमी, गांवों में मनरेगा के कार्य ठप होने, मजदूरों और विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत करवाना चाहते थे, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने पर उतारू हो गई है।
माकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूरे जिले में गुरुवार शाम से शुक्रवार तड़के तक पुलिस ने पूरे जिले में छापेमारी की। इस दौरान केसरीसिंहपुर, सादुलशहर,श्रीकरणपुर, रायसिंहनगर श्रीबिजयनगर,अनूपगढ़ और घडसाना इलाकों से माकपा के वरिष्ठ नेता श्योपतराम मेघवाल, पालाराम, पृथ्वीराज बुडानिया और ताराचंद सोनी सहित लगभग डेढ़ दर्जन वामपंथी नेताओं को डिटेन किया गया अथवा हाउस अरेस्ट कर लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों की आवाज दबाने और आम आदमी को कुचलने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में वर्तमान में गरीबों और आम लोगों की सरकार नहीं है। यह सरकार केवल कुछ धनपति लोगों की है और उन्हीं के हित में नीतियां बनाई जा रही हैं। गरीब वर्ग, मजदूर, किसान, महिलाएं और विद्यार्थी इस सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं।
सभा में यह भी कहा गया कि बेशक आज सरकार ने अपना जोर दिखाया है, लेकिन जब चुनाव का वक्त आएगा तो जनता भी अपना जोर दिखाकर भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। जनता की आवाज को कोई भी दबा नहीं सकता।प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मिलने और अपनी मांगें रखने की अनुमति न दिए जाने तथा वामपंथी नेताओं की धरपकड़ की कड़ी निंदा की।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ