HelloBikaner

भजनलाल शर्मा ने जयपुर में 144 नई बसों को दिखाई हरी झंडी

7 hours ago
भजनलाल शर्मा ने जयपुर में 144 नई बसों को दिखाई हरी झंडी

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से रोडवेज की 144 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्री शर्मा ने इस अवसर पर संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार सभी संकल्पों एवं वादों को पूरा करते हुए जनकल्याण से जुड़े प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार सार्वजनिक परिवहन सेवा का विस्तार किया जा रहा है ताकि आमजन को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सके। हमारी सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के हर कोने में परिवहन सुविधा पहुंचाना है। आज रवाना की गई 144 नई बसों के संचालन से प्रदेश के लाखों यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।

 

Image


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रबंधन और पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण राजस्थान रोडवेज घाटे से निकलकर लाभ की स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने वित्तीय अनुशासन स्थापित कर रोडवेज कर्मचारियों को समय पर वेतन देना सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा अग्रदूत महिलाओं को हेलमेट भी वितरित किए। उन्होंने प्रदेशवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद थे।

Join for Latest News

हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ

Share: