मोबाइल छोड़ मैदान से जुड़ेंगे बच्चे, बीकानेर में 8 नवंबर को सजेगी ‘खेल वाली दिवाली’
बीकानेर। बच्चों को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर खेल के मैदान से जोड़ने और परिवारों में फिटनेस एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएसएफ) के तत्वावधान में खेलो बीकानेर क्लब द्वारा ‘खेल वाली दिवाली – संडे स्पोर्ट्स लैब’ का विशेष आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 8 नवंबर 2026, रविवार को सुबह 6:15 बजे से लिलिपॉन्ड, बीकानेर में होगा।
कार्यक्रम की थीम “स्क्रीन डाउन , गेम ऑन– मोबाइल से दूरी, मैदान से दोस्ती!” रखी गई है। इस अनूठी पहल के माध्यम से समाज को संदेश दिया जाएगा कि इस दीपावली बच्चों को पटाखों से ज्यादा खेलों से जुड़ा उपहार देकर उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाए।
डीएसएफ के निदेशक उमाशंकर जी ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों का अधिकतर समय मोबाइल और स्क्रीन पर व्यतीत हो रहा है। इसका एक सकारात्मक विकल्प खेल का मैदान है, जहाँ बच्चे शारीरिक गतिविधियों के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना भी सीखते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे इस दीपावली बच्चों को गेंद, बैडमिंटन, फुटबॉल, कैरम, शतरंज अथवा अन्य खेलों से जुड़ी सामग्री उपहार में दें और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें।
डीएसएफ की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि इस रविवार का आयोजन बच्चों और अभिभावकों के लिए खास रहने वाला है। खेलो बीकानेर क्लब की टीम भी आपके लिए कुछ खास दिवाली उपहार लेकर आ रही है। उन्होंने बीकानेर के अधिक से अधिक बच्चों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से इस आयोजन में शामिल होकर खेल वाली दिवाली को यादगार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलों से जोड़ने में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जब माता-पिता स्वयं बच्चों के साथ मैदान में उतरते हैं, तो बच्चों का उत्साह बढ़ता है और परिवार में फिटनेस की सकारात्मक संस्कृति विकसित होती है। संस्था का प्रयास है कि बच्चे स्क्रीन टाइम कम करें, नियमित रूप से खेलें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाएँ।
निशा लिम्बा ने कहा कि फाउंडेशन का संकल्प है— “हर घर में एक खिलाड़ी, हर बच्चा मैदान में मिशन 2036 का ओलंपिक खिलाड़ी” खेलों को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, सशक्त युवा और बेहतर भविष्य के निर्माण का माध्यम बनाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
आइए, इस दीपावली बच्चों को केवल उपहार ही नहीं, बल्कि खेलों से जुड़ने का अवसर दें। मोबाइल की स्क्रीन से बाहर निकलकर मैदान की खुशियों से जुड़ें और परिवार के साथ फिटनेस का उत्सव मनाएँ।
खेलो, जीतो और रोशनी फैलाओ!
निशा लिंबा
निदेशक दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ