पाकिस्तान की आईएसआई लिंक की जांच में युवक हिरासत में, पढ़ें न्यूज़
घर की तलाशी से मचा हड़कंप
अलवर। मध्यप्रदेश में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और केंद्रीय एजेंसियों की ओर से आतंकवाद और संदिग्ध विदेशी संपर्कों से जुड़े मामले में गिरफ्तार किये गये शाकिर मेव को राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र स्थित नाखनोल गांव लाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उसके घर पर तलाशी और जांच-पड़ताल की कार्रवाई की गयी।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 12 जून को हरियाणा के नूंह जिले के रेवासन गांव से शाकिर को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद 13 जून को भोपाल एटीएस, हरियाणा पुलिस और स्थानीय पुलिस का संयुक्त दल नारखनोल स्थित उसके घर पहुंचा। दल ने घर की वीडियोग्राफी करके साक्ष्य जुटाये और परिजनों से भी विस्तृत पूछताछ की। बताया जा रहा है कि शाकिर पांचवीं कक्षा तक शिक्षित है और करीब छह-सात वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के देवबंद में धार्मिक शिक्षा प्राप्त कर चुका है।
वहां वह सहारनपुर निवासी नईम अब्दुल्ला के संपर्क में आया था। करीब 20 दिन पहले वह नूंह जिले के रेवासन गांव की एक मस्जिद में मौलवी के रूप में रहने लगा था। वहीं से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया।
शाकिर मेव और सहारनपुर के नईम अब्दुल्ला शेख प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और अन्य संदिग्ध आतंकवाद संगठनों के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों को शाकिर के कुछ ऐसे संपर्कों की जानकारी मिली है, जिनके तार पहले गिरफ्तार किये गये संदिग्धों से जुड़े बताये जा रहे हैं। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि कहीं उसका संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई या विदेशी हैंडलर्स से तो नहीं था।
मध्यप्रदेश एटीएस ने हाल ही में भोपाल के काजी कैंप क्षेत्र से मोहम्मद फराज उर्फ खालिद सैफुल्लाह को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का दावा है कि वह पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में था और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। जांच के दौरान टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुपों के जरिए विदेशी संपर्कों की जानकारी सामने आई थी। माना जा रहा है कि उसी जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर शाकिर तक एजेंसियां पहुंची हैं।
इस मामले में भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक ब्रजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा मांगी गयी जानकारी उपलब्ध कराई गयी है और टपुकड़ा क्षेत्र स्थित घर की तलाशी की कार्रवाई की गयी है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ